उमेश गुप्ता / वाराणसी
धर्मनगरी काशी में सावन माह के प्रथम दिन शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बना। वाराणसी की सबसे बड़ी फूल किसान मंडी में सुबह से ही श्रद्धालुओं और व्यापारियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान शिव के पूजन में उपयोग होने वाले मदार के फूल, धतूरा, बेलपत्र, नीलकंठ माला तथा विभिन्न प्रकार की फूल मालाओं की खरीदारी पूरे दिन जारी रही।
फूल व्यापारियों ने बताया कि सावन माह में शिव पूजा की सामग्री की मांग कई गुना बढ़ जाती है और पूरे महीने मदार, धतूरा, बेलपत्र तथा फूल मालाओं की अच्छी बिक्री होती है। उनका कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण फूलों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे मालाओं के दाम बढ़ गए हैं।
व्यापारियों के अनुसार, कोलकाता से आने वाली फूल मालाओं की खेप बारिश के कारण समय पर नहीं पहुंच पा रही है। वहीं, वाराणसी से भी बड़ी मात्रा में फूल मालाएं कोलकाता भेजी जा रही हैं। इसके चलते स्थानीय बाजार में उपलब्धता कम होने से कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
व्यापारियों का कहना है कि सावन के पहले सोमवार और पूरे श्रावण माह को देखते हुए आने वाले दिनों में फूलों तथा पूजा सामग्री की मांग में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
