अनिल मिश्र / पटना
केंद्र की मोदी सरकार विगत 12 वर्षों से लगातार वोट चोरी, पेपर चोरी और चंदा चोरी जैसे घृणित कार्य कर लोकतंत्र को कलंकित, शिक्षा को तार-तार तथा आस्था के साथ विश्वासघात करने का कार्य कर रही है।
इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया आदि ने कहा कि केंद्र सरकार विगत लोकसभा एवं विभिन्न विधानसभा चुनावों में वोट चोरी का खेल खेलकर लोकतंत्र को कलंकित करने का काम करती आ रही है। साथ ही, विगत 12 वर्षों में पेपर लीक की घटनाएं एक तंत्र बन गई हैं, जिसे देश के छात्र-युवा लगातार सहते रहे। अंततः जब उनके भीतर का ज्वालामुखी फटा और पूरे देश के छात्र सड़कों पर उतर आए, तब आनन-फानन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया।
नेताओं ने कहा कि विश्व के सनातनियों की आस्था के केंद्र अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना से लोगों के दिलों-दिमाग में मोदी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा घर कर गया है।
उन्होंने कहा कि चंदा चोरी को उजागर करने के लिए कांग्रेस पार्टी देशवासियों के सहयोग से जन-जन और घर-घर जनजागरण अभियान चलाकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
