मुख्यपृष्ठसमाचारत्रिवेणी धाम मंदिर पार्किंग से कार के पहिए उड़ाए, वारदात सीसीटीवी में...

त्रिवेणी धाम मंदिर पार्किंग से कार के पहिए उड़ाए, वारदात सीसीटीवी में कैद!

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए शातिर चोरों ने अब सीधे भगवान के दरबार को अपनी जागीर बना लिया है। नैनी थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नगर मोहल्ले में चोरों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। यहां स्थित प्रसिद्ध त्रिवेणी धाम मंदिर परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार के अगले दोनों पहिए चोर बड़ी ही सफाई से खोलकर रफूचक्कर हो गए। इस अजीबोगरीब और दुस्साहसिक चोरी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 3 अगस्त की रात को अंजाम दी गई। त्रिवेणी नगर के रहने वाले माधवी प्रसाद शुक्ला ने अपनी एक्सयूवी-16 कार को मंदिर परिसर की पार्किंग में पार्क किया था। रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने कार को अपना निशाना बनाया। सुबह जब गाड़ी मालिक पार्किंग में पहुंचे, तो नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कार बिना पहियों के ईंटों पर टिकी हुई थी। चोरों ने इतनी सफाई से काम किया कि आस-पास के किसी सुरक्षाकर्मी या राहगीर को भनक तक नहीं लगी।
-फुटेज में दिखे शातिर, पुलिस की सुस्ती से फूटा गुस्सा
इस पूरी वारदात की सबसे बड़ी कड़वी सच्चाई मंदिर की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे ने उगल दी है। चोरी की यह पूरी करतूत कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर पहिए खोलते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस फुटेज के आधार पर अब पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब वे नैनी थाने पहुंचे, तो पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की। आखिर में हार मानकर पीड़ित को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करानी पड़ी, जिसके बाद महकमा जागा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।

अन्य समाचार