मुख्यपृष्ठसमाचारनैनी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में भीषण आग, लाखों की संपत्ति स्वाहा!

नैनी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में भीषण आग, लाखों की संपत्ति स्वाहा!

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनापार के नैनी खान चौराहा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक लगी भीषण आग ने पूरी शाखा को अपनी चपेट में ले लिया। आधी रात को हुए इस अग्निकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राथमिक जांच में इसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि बैंक में रखे कंप्यूटर, कीमती फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए।
यह हादसा गुरुवार देर रात करीब दो बजे का बताया जा रहा है। रात के सन्नाटे में बैंक के भीतर आग सुलगती रही। सुबह जब स्थानीय निवासियों ने बैंक की खिड़कियों और शटर के कोनों से गाढ़ा काला धुआं निकलते देखा, तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस, फायर ब्रिगेड और बैंक प्रबंधन को दी।
-दमकल कर्मियों का अथक रेस्क्यू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। बैंक प्रबंधक को आनन-फानन में मौके पर बुलाया गया और ताला खुलवाकर दमकल कर्मी भीतर दाखिल हुए। लेकिन बैंक के अंदर धुएं का ऐसा गुबार था कि हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा था। दम घोंटू धुएं के बीच दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत की। जांबाज कर्मियों ने आग पर काबू पाते हुए अंदर झुलस रहे सामान को बाहर निकालना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को शांत किया।
-टला बड़ा हादसा
इस अग्निकांड में बैंक के आधुनिक कंप्यूटर, प्रिंटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर जलकर राख हो गए। आग से बैंक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बैंक के मजबूत लॉकर सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ी थोड़ी भी देर से पहुंचती, तो यह आग खान चौराहे की अन्य दुकानों और रिहायशी इमारतों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

अन्य समाचार