-केएनआई के इंजीनियरिंग संस्थान में दीक्षारंभ समारोह आयोजित
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध की शीर्ष शैक्षणिक संस्थाओं में शुमार कमला नेहरू संस्थान के फरीदीपुर परिसर स्थित इंजीनियरिंग संस्थान में दीक्षारंभ समारोह के छठे दिन संत तुलसीदास महाविद्यालय, कादीपुर के प्राचार्य प्रो. राम नयन सिंह ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को जीवन में हमेशा नशे से दूर रहने तथा अपने से बड़ों और शिक्षकों का सम्मान करने के लिए विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन अखबार पढ़ने की आदत डालनी चाहिए तथा मोबाइल स्क्रीन से दूरी बनानी चाहिए। तभी वे सफलता की ओर अग्रसर हो सकेंगे।
इंजीनियरिंग संकाय के डीन (एकेडमिक) रत्नेश सिंह ने प्रो. राम नयन सिंह को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक सैनुद्दीन तथा कार्यक्रम संचालक मनोज भार्गव ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी विद्वज्जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्थान के प्रबंधक एवं नगर विधायक विनोद सिंह ने दीक्षारंभ समारोह के छठे दिन सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आयोजक मंडल को बधाई दी। कार्यक्रम में बीटेक एवं पॉलिटेक्निक प्रथम वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं के साथ सभी विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
