मुख्यपृष्ठसमाचारमुंगारी टोल प्लाजा पर शव रखकर चक्काजाम, मुआवजे और कार्रवाई की मांग...

मुंगारी टोल प्लाजा पर शव रखकर चक्काजाम, मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनापार के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित मुंगारी टोल प्लाजा के पास शनिवार को दो मजदूरों की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में परिजन मुआवजे, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाने की पुलिस और एसीपी करछना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने नियमानुसार मदद और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। देर तक पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत चलती रही।
दरअसल, शुक्रवार, सात अगस्त को औद्योगिक थाना क्षेत्र के गणेशगंज, डेरी नेवादा समोगर गांव में धर्मेंद्र केसरवानी के निर्माणाधीन मकान में बने सेफ्टी टैंक की शटरिंग खोलने के लिए दो मजदूर अंदर उतरे थे। बताया गया कि टैंक करीब 15 दिनों से बंद था। अंदर जहरीली गैस जमा होने के कारण दोनों मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े। दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बेंदो गांव निवासी जीतू उर्फ निहाल शुक्ला (32) और उनके चाचा रजत शुक्ला (35) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में मकान मालिक धर्मेंद्र केसरवानी और ठेकेदार अभयराज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, शव रखकर चक्काजाम किए जाने से मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।

अन्य समाचार