4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी सोशल साइकोलॉजिकल थ्रिलर
सामना संवाददाता / मुंबई
तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी हिंदी सोशल साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओये चिल मार’ का पहला पोस्टर मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में जारी किया गया। निर्माता तुलसीराम देवरुखकर और निर्देशक नितिन एम. रोकाडे की यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को मुंबई सहित देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर लॉन्च से पहले फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू ने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। इसी के साथ फिल्म के आधिकारिक प्रचार अभियान की शुरुआत भी कर दी गई।
‘ओये चिल मार’ सोशल मीडिया के बढ़ते जुनून और ऑनलाइन लोकप्रियता की चाहत के दुष्परिणामों को केंद्र में रखती है। कहानी चार करीबी दोस्तों की जिंदगी में प्यार, दोस्ती, रहस्य और अप्रत्याशित घटनाओं के बीच आगे बढ़ती है। फिल्म का प्रमुख किरदार प्रेम अपने अतीत के दर्द और टूटे व्यक्तित्व से जूझते हुए रहस्य और धोखे के ऐसे जाल में फंस जाता है, जहां हर मोड़ पर कहानी नया ट्विस्ट लेती है।
फिल्म में सस्पेंस, रोमांस और ह्यूमर के साथ जिम्मेदार पेरेंटिंग, इमोशनल वेल-बीइंग और बचपन के ट्रॉमा जैसे सामाजिक मुद्दों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
फिल्म में तेजस देव मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ श्रेय पारीक, शिखा पांडे, प्राची बंसल, अतुल तिवारी, सुजीत अस्थाना, प्रशांत मोहिते और सूफिया तनवीर नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग वाराणसी के घाटों और शहर की विभिन्न भव्य लोकेशनों पर हुई है। सेंसर बोर्ड की मंजूरी के बाद अब फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।
