-तिरंगे जैसे परिधानों में दो महिलाओं का कारनामा वैâमरे में वैâद वायरल वीडियो के बाद रेलवे ने शुरू की पहचान
जेदवी
मुंबई की भागती लोकल ट्रेन में जिंदगी हर पल रफ्तार से दौड़ती है। ऐसे में चंद लाइक्स और सोशल मीडिया की वाहवाही के लिए चलती ट्रेन के दरवाजे पर लटककर स्टंट करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका अंदाजा शायद इन दो महिलाओं को नहीं रहा होगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सामने आए एक वायरल वीडियो ने इसी गैरजिम्मेदाराना जुनून पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में दो महिलाएं तिरंगे के रंगों जैसी साड़ियां पहने वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेन के लेडीज कोच के दरवाजे से बाहर लटकती नजर आ रही हैं। ट्रेन तेज रफ्तार में दौड़ रही है और दोनों महिलाएं देशभक्ति गीत ‘आई लव माय इंडिया’ पर लिप-सिंक और पोज देती दिखाई देती हैं। देशभक्ति का जज्बा दिखाने का यह तरीका देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
देशभक्ति दिल में हो, दरवाजे पर नहीं!
देश से प्यार जताने के लिए तिरंगा पहनना, देशभक्ति गीत गाना या स्वतंत्रता दिवस का उत्साह मनाना बिल्कुल स्वाभाविक है। मगर देशभक्ति के नाम पर अपनी जान जोखिम में डालना देशप्रेम नहीं, बल्कि खतरनाक लापरवाही है। चलती ट्रेन से एक छोटी-सी चूक जिंदगीभर का दर्द दे सकती है। मामला सिर्फ इन दो महिलाओं की जिंदगी तक सीमित नहीं है। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वे नीचे गिर सकती हैं या किसी दूसरे यात्री को भी अपनी चपेट में ले सकती हैं।
रील के लिए रिस्क, रेलवे के लिए चुनौती
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो फुटेज और स्टेशन के सीसीटीवी के जरिए महिलाओं की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे नियमों के तहत चलती ट्रेन के दरवाजे, पायदान या अन्य असुरक्षित हिस्से पर इस तरह यात्रा करना दंडनीय है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई का प्रावधान है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की होड़ आखिर किस हद तक जाएगी? यह सवाल सिर्फ इन महिलाओं से नहीं बल्कि हर उस व्यक्ति से है, जो वायरल होने के लिए खतरनाक स्टंट करता है। देशभक्ति अपनी जगह है, जिंदगी अपनी जगह।
