-गायकवाड बोले- भोले बने तो मित्र पक्ष ही गड़प कर जाएगा
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति में भाजपा और शिंदे गुट के बीच सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच अब शिंदे गुट के नेताओं के बयानों से भीतर की बेचैनी खुलकर सामने आने लगी है। शिंदे गुट के नेता और मंत्री गुलाबराव पाटील के बाद अब बुलढाणा के विधायक संजय गायकवाड ने भी भाजपा पर भरोसा नहीं करने की सलाह अपने कार्यकर्ताओं को दी है। शिंदे गुट के नेताओं ने भाजपा के प्रति सतर्क रहने और उस पर भरोसा न करने की बात मंच से कही है। उनके इन बयानों को भाजपा के प्रति शिंदे गुट की बढ़ती असुरक्षा के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
‘भोले रहे तो मित्र पक्ष ही गड़प कर जाएगा’
संजय गायकवाड ने कहा कि शिंदे गुट के लोगों का भोला बने रहना उनके हित में नहीं है। ‘जो भोला रहेगा, उसे मित्र पक्ष गड़प कर सकता है।’ गायकवाड के इस बयान ने महायुति के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। खास बात यह है कि कुछ ही दिन पहले गुलाबराव पाटील ने भी इसी अंदाज में बयान दिया था।
उन्होंने कहा था कि वे भोले नहीं हैं, वरना भाजपा वाले उन्हें ‘खा जाते’। उनके इस बयान के बाद ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी कि निशाना भाजपा की ओर है। अब संजय गायकवाड के बयान ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
सत्ता में साथ, फिर भी भरोसा नहीं!
भाजपा के साथ सत्ता में रहने के बावजूद शिंदे गुट के नेताओं की भाषा में बढ़ती सतर्कता और आक्रामकता गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक नहीं होने के संकेत दे रही है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, महायुति में सत्ता और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर खींचतान अभी खत्म नहीं हुई है। ऐसे में शिंदे गुट के नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को ‘सावधान’ रहने की सलाह गठबंधन के भीतर बढ़ती बेचैनी को उजागर करती है।
