– सपकाल बोले- भावनात्मक मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही भाजपा
सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में १२ वर्ष रहने के बावजूद भाजपा के पास देश के सामने रखने के लिए ठोस उपलब्धियां नहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी कई बार देश को संबोधित कर चुके हैं, लेकिन उनके भाषणों में अब भी जनसमस्याओं के ठोस समाधान का अभाव दिखाई देता है। सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा भावनात्मक और सांप्रदायिक मुद्दों के सहारे राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
सोनिया गांधी पर लगाए आरोपों को बताया तथ्यहीन
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी सपकाल ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित उस वीडियो को लेकर किए जा रहे दावे, जिसमें सोनिया गांधी के वंदे मातरम् से नाराज होने की बात कही जा रही है, पूरी तरह तथ्यहीन हैं। सपकाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को खड़े होने में परेशानी थी और इसी वजह से सोनिया गांधी उन्हें लेकर निर्देश दे रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम को वंदे मातरम् के विरोध से जोड़ना भाजपा की घटिया राजनीति है।
कांग्रेस की विरासत का हिस्सा है वंदे मातरम्
सपकाल ने कहा कि वंदे मातरम् कांग्रेस की संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहा है। कांग्रेस के अधिवेशनों की शुरुआत भी वंदे मातरम् से होती रही है। ऐसे में भाजपा को कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने भाजपा और संघ परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम् की आड़ लेकर कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की कोशिश बंद की जानी चाहिए। ‘भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू महासभा हमें राष्ट्रभक्ति और संस्कृति का ज्ञान न दें।’ सपकाल ने आरोप लगाया कि जब भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम जनता के सवालों का जवाब नहीं होता, तब धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों को हवा देकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे राजनीतिक हथकंडों से डरनेवाली नहीं है और जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर भाजपा सरकार से लगातार जवाब मांगती रहेगी।
