राजेश सरकार / प्रयागराज
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशप्रेम के जज्बे के साथ नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।
तिरंगे को सलामी, कर्मवीरों का सम्मान!
देश के स्वतंत्रता दिवस के महापर्व पर प्रयागराज के नागरिक सुरक्षा कार्यालय प्रांगण में देशभक्ति का एक अनूठा और भव्य नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प को आत्मसात करते हुए नागरिक सुरक्षा विभाग के जांबाजों ने राष्ट्र की सेवा में खुद को समर्पित करने का एक बार फिर संकल्प दोहराया। इस गरिमामय समारोह में उप नियंत्रक (नागरीक सुरक्षा) नीरज मिश्रा ने अत्यंत गौरवपूर्ण माहौल में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद पूरा प्रांगण ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान के सामूहिक जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कर्तव्य पथ पर डटे स्वयं सेवकों को मिला ‘सम्मान का मेडल’
यह आयोजन सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के लिए दिन-रात एक करने वाले कर्मवीरों के सम्मान का मंच बना। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और ‘विश्व योग दिवस’ को जमीन पर सफल बनाने वाले जांबाज स्वयंसेवकों और प्रतिभागी सदस्यों को जिला प्रशासन द्वारा निर्गत विशेष प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उप नियंत्रक नीरज मिश्रा ने जिलाधिकारी एवं नियंत्रक द्वारा भेजे गए विशेष संदेश को पढ़कर सुनाया। उन्होंने योगी सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं से सभी को रूबरू कराया और विभाग की शानदार उपलब्धियों की पीठ थपथपाई। वहीं, चीफ वार्डन अनिल कुमार ने स्वयंसेवकों में नया जोश भरते हुए कहा, “नागरिक सुरक्षा का हर एक सदस्य समाज का सुरक्षा कवच है। हमें पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से सामाजिक कल्याण के कार्यों में आहुति देनी होगी।” इस पूरे भव्य कार्यक्रम की कमान सहायक उप नियंत्रक राकेश कुमार तिवारी ने संभाली और अपने चिरपरिचित अंदाज में मंच का शानदार संचालन किया।
सेवा का जज्बा: संरक्षण गृह में बांटी खुशियां
नागरिक सुरक्षा विभाग का यह जज्बा सिर्फ परेड और भाषणों तक सीमित नहीं रहा। ध्वजारोहण के तुरंत बाद चीफ वार्डन अनिल कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम खुल्दाबाद स्थित ‘महिला एवं बाल संरक्षण गृह’ पहुंची। वहां असहाय बच्चों और महिलाओं के बीच मिष्ठान वितरण कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई। इस संवेदनशील पहल में उप नियंत्रक नीरज मिश्रा, सहायक उप नियंत्रक राकेश कुमार तिवारी और डिवीजनल वार्डन (नगर) रौनक गुप्ता ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
आजाद पार्क में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में मुस्तैद रहे नागरिक रक्षक
शाम होते ही देशभक्ति का यह कारवां ऐतिहासिक चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंचा। वहां आयोजित एयर फोर्स बैंड की सुरीली और जोश से भरी प्रस्तुति को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इस विशाल जनसमूह के बीच नागरिक सुरक्षा के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने कंधे से कंधा मिलाकर जिला प्रशासन और पुलिस का सहयोग किया। भीड़ नियंत्रण और जन सहयोग में स्वयंसेवकों के इस अनुशासित कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय उत्सव के साक्षी विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों स्वयंसेवक बने। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप नियंत्रक नीरज मिश्रा, चीफ वार्डन अनिल कुमार, सहायक उप नियंत्रक राकेश कुमार तिवारी, डिवीजनल वार्डन रौनक गुप्ता समेत एल. के. अहेरवार, महेंद्र सक्सेना, श्री कृष्ण तिवारी, राजीव भनोट, मनी मेहरा, आशीष बाजपेयी और सुरेंद्र यादव जैसे वरिष्ठ सदस्य पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहे।
