मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट...प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक...

यूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट…प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

राजेश सरकार / प्रयागराज

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 18 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में और गहरा होकर अवदाब में बदल सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनने की संभावना है।
प्रयागराज पर भी बारिश की मार: मौसम विभाग ने 16 अगस्त को प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। 17 अगस्त को भी प्रयागराज में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि 18 अगस्त को भी जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। तीनों दिनों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
निचले इलाकों में जलभराव का खतरा: विभाग ने चेताया है कि भारी से बहुत भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और अस्थायी बाढ़ की स्थिति बन सकती है। कच्चे और असुरक्षित ढांचों को नुकसान, बिजली व्यवस्था में व्यवधान तथा सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसमी नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की भी आशंका है।
बिजली कड़कने पर रहें सतर्क: मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान घर के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि 20 अगस्त को किसी विशेष चेतावनी का उल्लेख नहीं है।

अन्य समाचार