मुख्यपृष्ठनए समाचारटंकी पर चढ़े पप्पू का पावर प्ले गेम

टंकी पर चढ़े पप्पू का पावर प्ले गेम

 राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के दारागंज (अल्लापुर) स्थित हैजा अस्पताल परिसर में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी मांगों को लेकर गगनचुंबी पानी की टंकी पर जा चढ़ा। टंकी पर चढ़े इस युवक की पहचान खीरी निवासी पप्पू पाल के रूप में हुई है। अल्लापुर नगर निगम जोन 4 कार्यालय स्थित इस टंकी पर युवक के चढ़ने की खबर फैली तो इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही दारागंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। नीचे जाल बिछाने से लेकर युवक को सुरक्षित उतारने की हर मुमकिन तैयारी की जा रही है।
क्या है ‘टंकीमैन’ पप्पू पाल की मांग?
बताया जा रहा है कि पप्पू पाल अपनी किसी पुश्तैनी या निजी जमीन की समस्या को लेकर लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहा था। सुनवाई न होने से नाराज पप्पू पाल अब सीधे प्रयागराज के जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा है। उसका साफ कहना है कि जब तक बड़े अधिकारी आकर उसे ठोस आश्वासन नहीं देते, वह नीचे नहीं उतरेगा।
मान-मनौव्वल जारी…
पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला लगातार लाउडस्पीकर के जरिए पप्पू पाल से नीचे उतरने की अपील कर रहा है। मान-मनौव्वल का दौर पिछले कई घंटों से जारी है, लेकिन अपनी मांग पर अड़ा पप्पू पाल प्रशासन की एक सुनने को तैयार नहीं है। वह टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठकर अधिकारियों को चुनौती दे रहा है।अब देखना यह है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं, या फिर यह हाईवोल्टेज ड्रामा यूं ही चलता रहेगा।

अन्य समाचार