मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के संसदीय क्षेत्र महराजगंज के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धनेवा-धनेई में रविवार सुबह छात्रों के लिए तैयार किए गए भोजन में मरा हुआ मेंढक निकला। दाल में मेंढक देखकर छात्र भड़क गए और भोजन करने से इनकार करते हुए थालियां फेंककर विरोध जताया। छात्रों के हंगामे के बाद मेस में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह छात्रों को मेस में दाल, चावल और सब्जी परोसी जा रही थी। इसी दौरान एक छात्र की थाली में दाल के साथ मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। छात्र ने इसकी जानकारी अन्य विद्यार्थियों को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र नाराज हो गए और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाने लगे।छात्रों ने आरोप लगाया कि भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने से मेस की साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त किया। उसके बाद आक्रोशित छात्रों ने खाना खाने से मना कर दिया। इससे मेस में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। बच्चों ने विरोध जताते हुए थालियां फेंक दी। घटना की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने पर उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज छात्रों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी देर की कोशिश के बाद छात्रों का विरोध शांत हुआ। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।
इस संदर्भ में प्रधानाचार्य धीरज कुमार ने बताया कि एक छात्र ने भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने की शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होने छात्रों को आश्वासन दिया कि मेस में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। साथ ही साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।आवासीय विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं। ऐसे में भोजन में मरा हुआ जीव मिलने की घटना से मेस की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल विद्यालय प्रशासन जांच के बाद स्थिति स्पष्ट करने की बात कह रहा है।”
