-सरस्वती हाईटेक सिटी के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे थे
राजेश सरकार / प्रयागराज
प्रयागराज कमिश्नरी के यमुनानगर औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए शनिवार को एक वांछित आरोपी को कुरिया मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पिलर बनाने में इस्तेमाल होने वाले चोरी के नौ लोहे के फर्मे भी बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में चोरी का माल बरामद होने से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, नेवादा समोगर निवासी सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार, 4 सितंबर को मकान के सामने से पिलर बनाने वाले लोहे के फर्मे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सत्यम सिंह उर्फ बलदेव पुत्र पहलवान सिंह निवासी महुवारी, औद्योगिक क्षेत्र को कुरिया मोड़ से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो दिन पहले उसने अपने साथी के साथ रात में नेवादा समोगर से फर्मे चोरी की थी। साथी आटो लेकर पहुंचा था और दोनों ने फर्मे आटो में लाद लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने थोड़े पैसों के लालच में वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद फर्मों को रज्जू भैया विश्वविद्यालय के पास सरस्वती हाईटेक क्षेत्र की झाड़ियों में छिपा दिया गया था। शनिवार को दोनों चोरी का माल वहां से ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने सत्यम को पकड़ लिया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के साथी की तलाश में भी जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल, दरोगा नितेश सिंह, एसआई दर्शन सिंह, उपनिरीक्षक रवि कुमार तथा कांस्टेबल अमित प्रभाकर शामिल रहे।
