मुख्यपृष्ठनए समाचारबहन को गाली देने पर भड़के भाइयों ने कुल्हाड़ी से की थी...

बहन को गाली देने पर भड़के भाइयों ने कुल्हाड़ी से की थी हीरालाल की हत्या…दोनों गिरफ्तार…कुल्हाड़ी बरामद

राजेश सरकार / प्रयागराज

बहन को गाली देना दो भाइयों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने गांव के ही पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गई। शंकरगढ़ पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
शंकरगढ़ पुलिस के मुताबिक ग्राम गढ़वा किला निवासी मनोज कुमार और पप्पू पुत्र मुन्नीलाल के खिलाफ हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज था। पुलिस टीम ने दोनों को ग्राम शिवराजपुर पावर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल कुल्हाड़ी बरामद की गई।
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, गाली पर खोया आपा
28 अगस्त को चक अराजी गढ़वा किला निवासी फूलकुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि उसके भाई हीरालाल (40) की कहासुनी के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और हीरालाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि घटना वाली शाम पुरानी रंजिश को लेकर हीरालाल से विवाद हुआ था। इसी दौरान मारपीट के बीच हीरालाल ने उनकी बहन रेखा को गाली दे दी। इससे मनोज और पप्पू भड़क गए और दोनों ने हीरालाल पर हमला कर दिया। हीरालाल जान बचाकर भागा तो मनोज ने कुल्हाड़ी लेकर उसे दौड़ा लिया और वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी और परिवार के अन्य सदस्य डर के कारण वहां से भाग गए।
पहले महिला आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने 1 सितंबर को आरोपी रेखा (28) पत्नी रामकेश निवासी गढ़वा किला को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। अब पुलिस ने हत्या में शामिल बताए जा रहे दोनों भाइयों मनोज और पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम: थानाध्यक्ष प्रीतम कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार मिश्र, कांस्टेबल सतीश यादव, अभय राजभर, अमर पाल सिंह, गुरु प्रताप यादव, सनी कुमार, अमरपाल सिंह और महिला कांस्टेबल नेहा।

अन्य समाचार