-मल्टीयूनिट प्लांट का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा
-मल्टीयूनिट प्लांट द्वारा मक्का व धान से एथनॉल का उत्पादन किया जाएगा
-जनपद में गन्ना की पैदावार समुचित मात्रा में होने पर चीनी प्लांट स्थापित किया जायेगा
-उक्त इकाई में को-जनरेशन प्लांट स्थापित किया जोयगा, जिससे बिजली का उत्पादन होगा
डॉ.कमल कान्त उपमन्यु / मथुरा
कलेक्ट्रेट सभागार में मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में प्रेस-वार्ता संपन्न हुई। प्रेसवार्ता में विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह तथा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी पत्रकार बंधुओं को श्री कृष्णोत्सव तथा नंदोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी ने सभी को अवगत कराया कि जनपद के तहसील छाता में तीन चरणों में मल्टीयूनिट चीनी मिल प्लांट स्थापित किया जायेगा, जिसके प्रथम प्रथम चरण में 120 के0एल0पी0डी0 का एथनॉल प्लांट लगेगा जो गन्ना के शीरा (बी-हैवी) से एथनॉल उत्पादन करेगा और जब गन्ना नही मिलेगा तो मक्का व धान से एथनॉल उत्पादन होगा। एथनॉल प्लांट वर्ष में 11 माह चलेगा, जिससे 369 लाख लीटर एथनॉल का उत्पादन होगा। एथनॉल प्लांट का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा।
द्वितीय चरण में जब गन्ना का उत्पादन भरपूर होने लगेगा तो चीनी मिल का प्लांट लगेगा जिससे गन्ने से चीनी उत्पादन होगा। तृतीय चरण में को-जनरेशन प्लांट लगेगा जिससे बिजली का उत्पादन होगा। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में तीनों प्लांट चलाने वाली छाता में एक मात्र अद्वितीय इकाई की स्थापना होगी, जिससे हजारों लोगों को रोजगार के साथ-साथ लाखों लोगों/किसानों को लाभ होगा।
प्रदेश में गन्ना, मक्का व धान से चलने वाला पहला एक मात्र प्लांट जनपद मथुरा के छाता में लगेगा। मंत्री द्वारा चीनी मिल छाता के गेट पर धरना दे रहे पूर्व सैनिकों से अनुरोध किया कि धरना समाप्त कर चीनी मिल प्लांट की स्थापना में सहयोग प्रदान करें। इस प्रकार उक्त मल्टीयूनिट प्लांट की स्थापना से पर्याप्त एथनॉल उत्पादन, चीनी उत्पादन एवं बिजली उत्पादन के साथ-साथ क्षेत्र में रोजगार के नये-नये अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त यूनिट चालू होने से किसानों को लाभ मिलेगा और उनकी समस्याओं का निदान भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम ने उक्त यूनिट का संचालन शीघ्र चालू होगा। उन्होंने अवगत कराया कि उक्त परियोजन की लागत लगभग रुपए 200 से 250 करोड़ होगी। उक्त प्लांट एक्टेंशन प्लांट होगा, जैसे गन्ने का उत्पादन बढ़ेगा, वैसे ही द्वितीय चरण लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छाता चीनी मिल को चालू कराने हेतु 6 बार टेंडर की प्रक्रिया को किया गया था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा द्वारा 6 बार विज्ञापन के माध्यम से टेंडर निकाला गया, परन्तु किसी के द्वारा उक्त टेंडर हेतु आवेदन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त प्लांट 3 चरणों में 2 वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। उक्त प्लांट का कार्य पार्टनरशिप में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मथुरा क्षेत्र में गन्ना के अधिकाधिक उत्पादन हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा विभाग द्वारा गन्ना बीज उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद में जिला गन्ना अधिकारी के पद के साथ-साथ 16 अन्य कर्मचारी कार्यरत है। उन्होंने बताया कि जनपद में 02 गन्ना क्रय केंद्र संचालित है।
