राजेश सरकार / प्रयागराज
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए प्रथम चरण में चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश का एक और मौका दिया गया है। पहले प्रवेश की अंतिम तिथि 4 सितंबर निर्धारित थी, जिसे जनहित में बढ़ाकर 7 सितंबर की रात 12 बजे तक कर दिया गया है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैनी के उप प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया में चयनित जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय में प्रवेश नहीं लिया है, वे अब विस्तारित अवधि में प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, अंकपत्र और उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित चयनित राजकीय संस्थान के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा।
संस्थान में उपलब्ध चयन सूची से अभ्यर्थी के चयन का सत्यापन किए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 7 सितंबर रात 12 बजे तक अवकाश सहित प्रवेश लिया जा सकेगा। अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से संस्थान पहुंचकर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है।
