राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट के हंडिया तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ रही। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 608 शिकायतें सामने आईं। इनमें से 35 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को लेकर सीडीओ ने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर फरियादी को संतुष्ट करने वाला निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
समाधान दिवस में सबसे अधिक राजस्व विभाग की 320 शिकायतें आईं। इसके बाद पुलिस विभाग की 95, विकास विभाग की 71, आपूर्ति विभाग की 55, विद्युत की 25, चकबंदी की 11, लोक निर्माण विभाग की छह, नगर पंचायत हंडिया की पांच, सिंचाई विभाग की चार, शिक्षा विभाग की तीन तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस दौरान तहसील परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का सीडीओ ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
पोषण अभियान के तहत गोदभराई और अन्नप्राशन
समाधान दिवस के दौरान सीडीओ ने पोषण अभियान के तहत मनीषा, साधना और कुसुम की गोदभराई कराई। वहीं सोमेश और प्रतीक्षा का अन्नप्राशन भी कराया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी हंडिया नंदिनी शाह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
