मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी एटीएस ने आजमगढ़ से अल कायदा नेटवर्क से जुड़े 19 वर्षीय...

यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से अल कायदा नेटवर्क से जुड़े 19 वर्षीय आरोपी नबील को दबोचा!

 मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (यूपी एटीएस) ने देश विरोधी गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट से कथित तौर पर जुड़े 19 वर्षीय युवक मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार आरोपी आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा गांव का रहने वाला है। नबील आतंकी विचारधारा से प्रभावित होकर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। एजेंसी का दावा है कि वह भारत में हिंसक गतिविधियों और ‘गजवा-ए-हिंद’ से जुड़ी साजिश को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा था। यूपी एटीएस चीफ अमिताभ यश के अनुसार एजेंसी को खुफिया सूचना मिली थी कि आजमगढ़ का मोहम्मद नबील सोशल मीडिया और विभिन्न इंक्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी गतिविधियां चला रहा है। उसने ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से वाट्सएप ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ग्रुप में कई गतिविधियों के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाते थे। इनमें जिहाद, चाकू, केमिकल, हथियार, बम और योजना जैसे शब्दों की जगह ‘पेन’, ‘जूस’, ‘ट्रिप’ और ‘प्रोजेक्ट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। आरोपी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।जांच एजेंसी का दावा है कि नबील ने अपने वाट्सएप ग्रुप में अलकायदा से जुड़े आतंकी अनवर उल अवलाकी की विवादित किताब ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ और मौलाना आसिम उमर की ‘तीसरी जंग-ए-अज़ीम और दज्जाल’ नामक किताब की पीडीएफ कथित तौर पर शेयर की थी।इन सामग्रियों को ग्रुप के सदस्यों के बीच साझा करने के साथ उन्हें पढ़ने के लिए भी कहा जाता था। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि नबील “फ्लामेस ऑफ वार” जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी चैट ग्रुप्स से भी जुड़ा था।इन ऑनलाइन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार, सऊदी अरब समेत कई देशों के संदिग्ध सदस्य और जम्मू-कश्मीर के कुछ युवा भी जुड़े हुए थे।
पूछताछ के दौरान एटीएस को यह जानकारी मिली कि नबील विदेश जाकर आतंकी प्रशिक्षण और आधुनिक हथियारों से जुड़ी ट्रेनिंग हासिल करने की योजना बना रहा था। वह पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने और वहां प्रशिक्षण लेने के साथ-साथ इसके लिए धन जुटाने की योजना पर काम कर रहा था। आरोपी के मोबाइल से विस्फोटक तैयार करने और बम बनाने की विधियों से संबंधित चैट भी मिली हैं। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री के लिए पोटैशियम नाइट्रेट जुटाने से संबंधित बातचीत भी सामने आने की बात कही गई है। यूपी एटीएस ने लखनऊ स्थित विशेष थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया आरंभ हो जायेगी।

अन्य समाचार