सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
बेसिक शिक्षकों की सेवा संबंधी लंबित समस्याओं को लेकर २२ सितंबर से प्रस्तावित धरना फिलहाल प्राथमिक शिक्षक संघ ने रद्द कर दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता की मध्यस्थता में लेखाधिकारी से हुई प्राशिसं नेताओं की वार्ता के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से शिक्षक समस्याओं के बिंदुवार एवं समयबद्ध निस्तारण की कार्यवृत्ति जारी की गई। संघ के जनपदीय प्रवक्ता निज़ाम खान ने बताया कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में १५ सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी राम बचन राम को १० सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। संघ ने चेतावनी दी थी कि यदि २१ सितंबर तक समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो २२ सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
शिक्षक संघ के ज्ञापन और नोटिस को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के संबंधित स्टाफ तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को अपने कार्यालय में वार्ता के लिए आमंत्रित किया। घंटों चली वार्ता में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई। निज़ाम खान ने बताया कि वार्ता के दौरान लंबित अवशिष्ट भुगतान, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी, जीपीएफ लेजर, लेखा पर्ची तथा प्रान नंबर आवंटन समेत अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर समयबद्ध कार्ययोजना पर सहमति बनी। वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से समस्याओं के निस्तारण को लेकर कार्यवृत्ति जारी करते हुए शिक्षक संघ से प्रस्तावित धरना स्थगित करने की अपील की गई।
इसके बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने आपसी विचार-विमर्श तथा संघर्ष समिति की सहमति से २२ सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षक समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और सहृदयता का परिचय देते हुए वार्ता के माध्यम से समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की है। संघ ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, जिला प्रवक्ता निज़ाम खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, जिला उपाध्यक्ष राम बहादुर मिश्रा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष धीरेन्द्र राव, भदैयाँ अध्यक्ष अंजनी शर्मा नरेंद्र पाण्डेय, सूर्यकान्त तिवारी,अंजनी नंदन पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से लेखाकार संतोष, किशन लाल और नेहा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
