अनिल मिश्र / पटना
ऐतिहासिक नगरी गयाजी के पंचानपुर दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए आयोजित अंतर-विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सीयूएसबी के मिल्खा सिंह स्टेडियम में प्रतियोगिता का आयोजन कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के के संरक्षण में स्पोर्ट्स एंड गेम्स कमेटी के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में डॉ. जे. पी. सिंह (असिस्टेंट डायरेक्टर, फिजिकल एजुकेशन) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी)के जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस ने स्कूल ऑफ एजुकेशन को रोमांचक मुकाबले में एक अंक के अंतर से हराया। स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस ने 31 अंक बनाए, जबकि स्कूल ऑफ एजुकेशन की टीम 30 अंक ही बना सकी। इस तरह स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस ने पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग के फाइनल में स्कूल ऑफ एजुकेशन ने स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर को 27-19 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में ऋषिकेश राज, रितु राज, नवनीत ठाकुर, रोहन, अभिषेक, केशव, सौरव, बिक्रम, चंदन और नमन सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय की स्पोर्ट्स एंड गेम्स कमेटी के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार सिंह खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहते हैं । कबड्डी प्रतियोगिता के साथ विद्यार्थियों के लिए टूर्नामेंट से जुड़ी रील प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के विभिन्न पहलुओं पर रचनात्मक रील तैयार कीं। रील प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार ने प्रथम, शिवकेश मीणा ने द्वितीय तथा रोहन यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रो. प्रवीण कुमार, प्रो. रवि कांत, डॉ. अनुज कुमार सिंह, डॉ. मितांजलि साहू, डॉ. डी. एन. सिंह, डॉ. पल्लवी, डॉ. हेमंत, डॉ. किशोर एवं डॉ. तारा कश्यप, डॉ. आशीष सिंह की उपस्थिति रही और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ। प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. जे. पी. सिंह के साथ मीडिया विभाग के छात्र ऋषिकेश राज के साथ छात्र स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई ।
