उमेश गुप्ता / वाराणसी
गांधी जयंती के अवसर पर तैलिक साहू वैश्य सभा, वाराणसी की ओर से शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद लगभग 500 वाहनों एवं 800 लोगों की सहभागिता के साथ विशाल वाहन जुलूस निकाला गया।
जुलूस टाउन हॉल से प्रारंभ होकर मैदागिन, कबीर चौराहा, बड़ी पियरी, चेतगंज, लहुराबीर एवं रामकटोरा होते हुए नाटी इमली स्थित साहू बाग पहुंचा। साहू बाग पहुंचने के बाद वाहन जुलूस सभा में परिवर्तित हो गया।
साहू बाग में आयोजित गांधी विषयक विचार-गोष्ठी की अध्यक्षता तैलिक साहू वैश्य सभा के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता (राजू) ने की। गोष्ठी में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
तैलिक साहू वैश्य सभा की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली दो विभूतियों श्री गिरधारी लाल गुप्ता एवं श्री विनोद कुमार गुप्ता को “साहू रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में तैलिक साहू वैश्य सभा के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बाबूलाल गुप्ता,मनीष कुमार गुप्ता त्रिभुवन गुप्ता, पार्षद अनंतराज गुप्ता, श्रवण कुमार गुप्ता, अमरेश गुप्ता, राजू गुप्ता, अभिषेक गुप्ता (पप्पू), मंगला प्रसाद गुप्ता, सहित सभा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पी.सी. गुप्ता (युवराज) ने की। सभा के महामंत्री विनोद कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
