सामना संवाददाता / नई दिल्ली
रायसीना रोड, नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए दूसरे पुस्तक मेले का आयोजन किया। यह मेला 24 अक्तूबर 2026 से 26 अक्तूबर 2026 तक चलेगा। इसमें सुविख्यात प्रकाशकों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इसके अलावा साथ-साथ प्रेस क्लब द्वारा फूड फेस्टिवल का आयोजन भी किया है। इस अद्भुत मेले की विशिष्ट उपलब्धि यह है कि यह न केवल लेखक सदस्यों को प्रोत्साहित करता है बल्कि एक पठन-पाठन का माहौल तैयार करने में सहायक सिद्ध होता है। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की वर्तमान अध्यक्ष सुश्री संगीता बरुआ पिशारोती के प्रयास और ‘इनिशिएटिव’ के चलते यह मेला संभव हो पाया है।
इसी श्रंखला में आज सर्वप्रथम डॉ रवीन्द्र कुमार के व्यंग्य संग्रह ‘स्मार्ट सिटी के वासी’ का विमोचन किया गया। पुस्तक के बारे में और डॉ रवीन्द्र कुमार के लेखन पर प्रकाश डालते हुए लेखक संपादक डॉ रजनीकान्त शुक्ल ने इनके लेखन की भूरि भूरि प्रशंसा की। उसके बाद श्री चरण सिंह जी और अनुरुद्ध लाल जी ने व्यंग्य लेखन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सुश्री श्रुति लाल ने किया। संग्रह के शीर्षक की प्रासंगिकता और विसंगति पर अध्यक्ष सुश्री संगीता बरुआ ने चुटकी ली। समारोह में भाग लेनेवालों में प्रमुख थे सुषमा यादव, महेश्वर दयाल माथुर, महिमा यादव, संजीवन सहाय, अशोक शर्मा, शिक्षाविद् सुरेन्द्र प्रसाद सिंह और रस्तोगी जी
पुस्तक ‘स्मार्ट सिटी के वासी’ ऑरेंज बुक पब्लिशर्स ने प्रकाशित की है। इसमें कुल 111 व्यंग्य लेख हैं। 302 पृष्ठ की इस पुस्तक का मूल्य रुपये 250/- है। पुस्तक अमेज़न पर उपलब्ध है।
