रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
शरद पूर्णिमा के अवसर पर दहिसर-पूर्व स्थित राजश्री बैंक्वेट हॉल में डांडिया रास का आयोजन किया गया। पिपलेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट एवं राष्ट्रीय जागरण मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश पाण्डेय द्वारा आयोजित इस डांडिया रास में 250 से भी अधिक महिलाओं एवं पुरुषों ने विविध परिधान में आकर्षक नृत्य कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चले इस कार्यक्रम में गरबा प्रेमियों ने दिल खोलकर नृत्य किया। आयोजकों की ओर से गरबा प्रेमियों के लिए विविध आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए थे, जिसमें सुंदर नृत्य, आकर्षक वेषभूषा, नृत्य की भाव भंगिमा, आकर्षक श्रृंगार तथा आकर्षक वस्त्र आदि थे। कार्यक्रम में जज की भूमिका भावेश पंचाल ने निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वीना पटेल तथा विशेष अतिथि के रूप में समाज सेवक सुभाष पांडेय, सामना के पत्रकार अनिल पांडेय, तथा पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में पुरस्कृत होने वालों में अनुजा शाह, निलेश गोस्वामी, कृतिका भट्ट, हित चोटानी, निधी कानडिया, चिराग सोनी, समय त्रिवेदी, गीता वीरजी, निखिल सोनार, पूजा सोनार, प्रांती शाह तथा कविता गोहिल के नाम उल्लेखनीय हैं। सभी प्रतिभागियों को पुष्प गुच्छ एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर अतिथियों के हाथों उन्हें सम्मानित किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी धनंजय कुलकर्णी ने निभाई।
