-`५०० करोड़ की क्लिप पर जरांगे का सवाल
-सत्ता बचाने के लिए एक-दूसरे को बचा रहे हैं महायुति के नेता?
-क्लिप सार्वजनिक करने और मामले की जड़ तक जाने की चेतावनी
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की सियासत में ५०० करोड़ रुपए की कथित क्लिप को लेकर घमासान तेज हो गया है। मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर सीधे सवाल दागे हैं। जरांगे ने पूछा कि अगर फडणवीस, शिंदे को बचा रहे हैं, तो क्या इस पूरे खेल के पीछे फडणवीस ही थे? क्या सत्ता बचाने के लिए महायुति के नेता एक-दूसरे को बचाने में जुटे हैं? उनके इन सवालों ने सत्ताधारी खेमे की मुश्किलें बढ़ाने वाला राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। जरांगे ने दावा किया कि कथित क्लिप असली है और उसे सार्वजनिक होने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कितनी भी कोशिश कर ली जाए, वह क्लिप को समाज के सामने लाकर रहेंगे और मामले की जड़ तक पहुंचेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जांच पूरी होने से पहले ही क्लिप को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार बताया जाने लगा है।
`५०० करोड़ रुपए के क्लिप को फर्जी करार देने का प्लान’
मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे ने ५०० करोड़ रुपए की ऑडियो क्लिप को लेकर कल एक और सनसनीखेज दावा किया। जरांगे ने कहा है कि इस क्लिप की वजह से भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे गुट के पैरों तले जमीन खिसक गई है और अब पर्दे के पीछे से इस क्लिप को झूठा साबित करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। मनोज जरांगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस क्लिप के संबंध में नई जानकारी दी।
