मुख्यपृष्ठनए समाचारनाना पटोले का सनसनीखेज आरोप... `मविआ की जीत रोकने के लिए २०२४...

नाना पटोले का सनसनीखेज आरोप… `मविआ की जीत रोकने के लिए २०२४ में हुआ था फर्जी मतदान’

-आईबी रिपोर्ट में १६० उम्मीदवारों की जीत का अनुमान
-शाम ५ बजे के बाद बढ़े मतदान पर उठाए सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव २०२४ में महाविकास आघाड़ी की जीत रोकने के लिए फर्जी मतदान का सहारा लिया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने यह सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया कि खुफिया विभाग (आईबी) की रिपोर्ट में कांग्रेस के ७५ विधायकों समेत महाविकास आघाड़ी के १६० उम्मीदवारों की जीत का अनुमान जताया गया था। इसके बावजूद चुनाव परिणाम मविआ के पक्ष में नहीं आए। पटोले ने आरोप लगाया कि मतदान के दिन शाम पांच बजे के बाद बढ़े मतदान के आंकड़ों के जरिए चुनाव परिणाम प्रभावित करने की साजिश रची गई।
अकोला जिले के बालापुर तालुका स्थित वाडेगांव में धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर आयोजित सभा में पटोले ने ये आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आईबी की रिपोर्ट सरकार और विपक्ष, दोनों को दी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पटोले ने आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताते हुए पेट्रोल की कीमत ४०० रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार पर भी निशाना साधा।

अन्य समाचार