-ई राज
-मिडटर्म चुनाव के बाद अमेरिकी कॉर्पोरेट जगत में हड़कंप
-मस्क के साम्राज्य पर चला डेमोक्रेट्स का हंटर, डूबे १.३० लाख करोड़!
डेमोक्रेट्स के मजबूत होते ही ट्रंप के ‘मित्र अरबपतियों’ के व्यावसायिक साम्राज्य पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में अमेरिकी कॉर्पोरेट जगत में बड़ा भूचाल आने वाला है।
मिडटर्म चुनाव के नतीजों ने अमेरिकी सियासत के साथ-साथ वॉल स्ट्रीट के सबसे बड़े दिग्गजों की नींद उड़ा दी है। चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप समर्थित उम्मीदवारों को लगे तगड़े झटके का सीधा असर अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क और उनके बिजनेस साम्राज्य पर पड़ता साफ नजर आ रहा है।
राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद अब अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का शिकंजा कस गया है। इसके चलते निवेशकों में इस बात को लेकर गहरी चिंता बैठ गई है कि आने वाले दिनों में एलन मस्क के एआई उपक्रमों, डेटा सेंटर्स और स्पेसएक्स-टेस्ला के संभावित मर्जर पर कड़े विनियामक प्रतिबंध लग सकते हैं। डेमोक्रेटिक सांसदों ने पहले ही मस्क के सरकारी ठेकों, नीतियों और पिछले प्रशासनिक समझौतों की कड़ी जांच के संकेत दे दिए हैं।
यह संकट सिर्फ एलन मस्क तक ही सीमित नहीं है, बल्कि डोनाल्ड ट्रंप के साथ खड़े रहने वाले अन्य कॉर्पोरेट दिग्गजों और टेक अरबपतियों पर भी इसका सीधा कहर टूटने की आशंका गहरा गई है। चुनाव अभियान के दौरान लैरी एलिसन और माइकल डेल जैसे दिग्गज उद्योगपतियों ने भी ट्रंप और उनकी पार्टी के पक्ष में अरबों डॉलर का गुप्त और खुला फंड दिया था। अब जबकि संसद में डेमोक्रेट्स मजबूत स्थिति में आ चुके हैं, तो वे उन तमाम कॉर्पोरेट घरानों और उद्योगपतियों को निशाना बना सकते हैं जिन्होंने ट्रंप प्रशासन के दौरान फेवर या सरकारी अनुदान हासिल किए थे।
विश्लेषकों का मानना है कि इस राजनीतिक उलटफेर के बाद अब व्हाइट हाउस और संसद के बीच टकराव बढ़ेगा। ट्रंप के करीबी उद्योगपतियों के लिए आने वाले दिन आसान नहीं होंगे, क्योंकि कड़े संसदीय नियमों, टैक्स नीतियों की समीक्षा और जांच के शिकंजे के बीच उनके व्यावसायिक साम्राज्य की रफ्तार पर गंभीर ब्रेक लग सकता है।
