मुख्यपृष्ठअपराधमुंब्रा में इंसानियत शर्मसार!

मुंब्रा में इंसानियत शर्मसार!

-२५ लाख रुपए में नवजात का सौदा
-२० दिन की बच्ची को बेचने का सनसनीखेज मामला उजागर
-पुलिस ने १० आरोपियों को दबोचा, रत्नागिरी से बच्ची को बचाया

सामना संवाददाता / मुंब्रा

पैसों के लालच में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक खौफनाक मामला मुंब्रा में सामने आया है। महज २० दिन की नवजात बच्ची को कथित तौर पर २५ लाख रुपये में बेच दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस अमानवीय सौदे का विरोध करने वाली मां को ही निशाना बनाया गया। आरोप है कि बच्ची को बेचने के लिए दबाव बनाया गया और मामला पुलिस तक न पहुंचे, इसके लिए मां और उसकी बहन की बेरहमी से पिटाई की गई। हालांकि, मुंब्रा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज २४ घंटे में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और रत्नागिरी तक पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, कालवा के शांतिनगर इलाके में रहने वाली १९ वर्षीय अनीसा शेख मुंब्रा रेलवे स्टेशन के आसपास भीख मांगकर गुजारा करती है। करीब २० दिन पहले उसने बच्ची को जन्म दिया था। अनीसा का आरोप है कि रेहान शेख ने उस पर बच्ची को बेचने का दबाव बनाया और कथित तौर पर खरीदार तलाशकर २५ लाख रुपये में सौदा कर दिया। अनीसा ने आरोप लगाया कि बदनामी से बचने के नाम पर उससे १२ लाख रुपये लिए गए। इसके बाद उसकी और उसकी बहन अलकिशा की बेरहमी से पिटाई कर पैसे भी लूट लिए गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील ने बच्ची को तत्काल बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड ने पांच टीमें बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने रत्नागिरी तक छानबीन कर नवजात को सुरक्षित बरामद किया। इस घटना ने मानव तस्करी और नवजातों की खरीद-फरोख्त के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार