-अस्पताल से लौटे शरद पवार के घर नेताओं का जमावड़ा
-प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात से दोनों गुटों के भविष्य पर सियासी अटकलें तेज
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में फिर बड़े सियासी उलटफेर की सुगबुगाहट तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों दलों के संभावित विलय की चर्चाओं ने महायुति के खेमे में बेचैनी बढ़ा दी है। पहले अजीत पवार गुट के प्रफुल्ल पटेल ने अस्पताल पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात की और अब अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार ने सिल्वर ओक पहुंचकर सियासी पारा चढ़ा दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या सत्ता की खातिर शरद पवार से अलग होने वाले अब फिर पुराने घर में लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शनिवार शाम शरद पवार अपने आवास सिल्वर ओक पहुंचे। कुछ ही देर बाद पार्थ पवार उनसे मिलने पहुंच गए। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के दौरान शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे, पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और विधायक जितेंद्र आव्हाड भी मौजूद थे। इतने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इस मुलाकात को महज पारिवारिक मुलाकात मानने की गुंजाइश कम कर दी है। इससे पहले ६ नवंबर को प्रफुल्ल पटेल ने अस्पताल जाकर शरद पवार का हालचाल पूछा था। बातचीत के दौरान १० नवंबर के बाद साथ बैठकर चर्चा करने की बात भी सामने आई थी। हालांकि पटेल ने सफाई दी कि वे केवल तबीयत जानने गए थे और कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। लेकिन उनकी सफाई के बावजूद सवाल कायम हैं। कभी शरद पवार के बेहद करीबी रहे पटेल ने ही अजित पवार के साथ अलग राह चुनी थी। अब उनकी शरद पवार से बढ़ती नजदीकी के मायने तलाशे जा रहे हैं। इसी बीच अजीत पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दावा किया कि अजित पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय १२ फरवरी को हो गया होता। इस बयान ने विलय की चर्चाओं को और हवा दे दी है।
`दोनों दलों के विलय की तारीख १२ फरवरी तय की थी’
महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में अजीत पवार गुट के विलय को लेकर नया सियासी बवाल खड़ा हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने स्वीकार किया है कि अजीत पवार ने दोनों दलों के विलय की तारीख १२ फरवरी तय की थी। उनके मुताबिक, अजीत पवार जीवित होते तो दोनों दलों का एकीकरण हो चुका होता। इस खुलासे ने महायुति सरकार के भीतर राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता के समीकरणों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि अजीत पवार के निधन के बाद जब शरद पवार की ओर से विलय की बातचीत का खुलासा किया गया था, तब तटकरे और उनके सहयोगियों ने ऐसी किसी चर्चा से इनकार किया था।
