मुख्यपृष्ठनए समाचारचुनावी सिस्टम के ढहने की उलटी गिनती शुरू!

चुनावी सिस्टम के ढहने की उलटी गिनती शुरू!

-राहुल गांधी का अमेरिका में बड़ा दावा– चुनाव आयोग के भीतर से मिल रही हैं -चौंकाने वाली जानकारियां, वरिष्ठ अधिकारी भी व्यवस्था में काम करने को लेकर महसूस कर रहे मुश्किलें

सामना संवाददाता / नई दिल्ली / शिकागो

देश में चुनावी पारदर्शिता, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका से एक ऐसा बयान दिया है, जिसने भारतीय चुनावी व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि चुनाव आयोग के भीतर से ही उन्हें ऐसी जानकारियां मिल रही हैं, जो मौजूदा व्यवस्था की गंभीर स्थिति की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि जिस चुनावी ढांचे पर भारतीय लोकतंत्र टिका है, उसके ढहने में अब ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहा है।
शिकागो स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने साफ कहा कि विपक्ष चुनाव लड़ना बंद नहीं करेगा। चुनाव का बहिष्कार करना लोकतंत्र की वैधता को कमजोर करने जैसा होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए बेहद पवित्र है और इसकी रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है। व्यवस्था में खामियां होने के बावजूद विपक्ष चुनावी मैदान से पीछे नहीं हटेगा, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
आयोग के भीतर भी बेचैनी का दावा
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दावा किया कि चुनाव आयोग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौजूदा परिस्थितियों में काम करने को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आयोग के भीतर से मिल रही जानकारियां इस बात का संकेत हैं कि व्यवस्था के अंदर भी सब कुछ सामान्य नहीं है। हालांकि, उन्होंने इन दावों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत दस्तावेज पेश नहीं किया।
‘मैदान छोड़ने के बजाय व्यवस्था से लड़ेंगे’
राहुल गांधी का संदेश साफ है कि विपक्ष चुनाव से भागने वाला नहीं है। उसका संघर्ष चुनावी व्यवस्था को जवाबदेह बनाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जारी रहेगा। सवाल यह है कि चुनाव आयोग इन गंभीर राजनीतिक आरोपों पर क्या जवाब देता है और चुनावी प्रक्रिया में जनता का भरोसा कायम रखने के लिए क्या कदम उठाता है? लोकतंत्र में चुनाव केवल सत्ता चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की कसौटी भी हैं।

अन्य समाचार