– अजीत पवार के विमान दुर्घटना का मामला फिर गरमाया
-रोहित पवार ने महायुति सरकार को घेरा
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना को लेकर अब भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू है। एनसीपी नेता रोहित पवार ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दादा के हत्यारों को बचा रहे हैं। जिसके बाद भाजपा की ओर से एक आंकड़ा जारी कर बताया गया कि अजीत पवार की पसंदीदा विमान सेवा कंपनी वही थी, जिस पर रोहित पवार साजिश का आरोप लगा रहे हैं। इस पर रोहित पवार ने पलटवार करते हुए कहा कि अजीत पवार उपमुख्यमंत्री थे और सरकारी व्यवस्था के तहत उन्हें जो विमान तथा कंपनी उपलब्ध कराई जाती थी, उसी से वे यात्रा करते थे। इसलिए किसी कंपनी के विमान से लगातार सफर करने का अर्थ यह नहीं है कि दुर्घटना के बाद उस कंपनी को सवालों से छूट मिल जाए। रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर वीएसआर कंपनी के मालिक वी.के. सिंह को बचाने की कोशिश का आरोप लगाया है। उनका सवाल है कि विमान सेवा कंपनी का ठेका बदलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद उसे दोबारा पहले जैसी स्थिति में क्यों रखा गया?
`वीएसआर कंपनी के बचाव में भाजपा का पूरा आईटी सेल’
अजीत पवार विमान दुर्घटना मामले में वीएसआर कंपनी को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने फेसबुक पोस्ट के जरिए महायुति सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि वीएसआर कंपनी के बचाव में पूरा आईटी प्रकोष्ठ ताकत से उतर आया है। इससे उनके संदेह और मजबूत हो गए हैं। उन्होंने १६८ करोड़ रुपए के बिलों का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि आखिर इस कंपनी पर सरकार इतनी मेहरबान क्यों थी? उन्होंने आरोप लगाया कि अजीत पवार ने विमान सेवाओं के लिए जो निविदा तैयार की थी, उसे भी इसी कंपनी के हितों के कारण रद्द कर दिया गया।
