मुख्यपृष्ठसमाचारबाबा नगरी देवघर के शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो, बाबा नगरी...

बाबा नगरी देवघर के शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो, बाबा नगरी के आसमान में दिखा आध्यात्म

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड की राजधानी रांची से करीब ढाई सौ किलोमीटर दूर स्थित रावणेश्वर महादेव यानी बाबा बैद्यनाथ धाम, जिसे बाबाधाम के नाम से भी जाना जाता है, में राजकीय श्रावणी मेला-2026 को यादगार और भव्य बनाने के उद्देश्य से देवघर जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को शिवलोक परिसर में अत्याधुनिक ड्रोन शो का आयोजन किया गया।
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्म और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम का अनुभव कराया। गुरुवार रात साढ़े सात बजे के बाद जैसे ही सैकड़ों ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरी, पूरा शिवलोक परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
करीब आधे घंटे तक चले इस ड्रोन शो में रंग-बिरंगी डिजिटल रोशनी के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ मंदिर की महिमा, द्वादश ज्योतिर्लिंग का महत्व, श्रावणी मेले की परंपरा और देवघर के धार्मिक इतिहास को आकर्षक आकृतियों के रूप में प्रस्तुत किया गया। ड्रोन शो का नजारा बाबा मंदिर परिसर से करीब पांच किलोमीटर तक के क्षेत्र में दिखाई दिया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस अनूठे आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण के साथ-साथ देवघर आगमन पर एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है।
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के पहले दिन गुरुवार अहले सुबह से ही बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जलाभिषेक के लिए बुधवार देर रात से ही कांवरियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी, जो गुरुवार सुबह करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई।
इस बीच उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर का सघन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम जलार्पण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने के उद्देश्य से श्रावणी मेले के पहले दिन उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा स्थापित किया गया। इसके बाद अर्घा व्यवस्था के माध्यम से कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा घेरे के बीच सुगमतापूर्वक बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक शुरू किया।
वहीं, मेला क्षेत्र की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की लाइव मॉनिटरिंग की। साथ ही कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने तथा देवघर आने वाले सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवघर से सुखद अनुभव और सकारात्मक संदेश लेकर लौटें।

अन्य समाचार