सामना संवाददाता / प्रयागराज
हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नैनी में ‘हर घर तिरंगा अभियान २०२६’ के तहत एक भव्य और देशभक्ति से ओत-प्रोत ‘तिरंगा राखी’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा प्रायोजित इस अभियान के अंतर्गत अर्थशास्त्र एवं अंग्रेजी विभाग ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम की कमान संभाली। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, एकता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।रंग-बिरंगी राखियों में दिखा देशप्रेमइस तिरंगा थीम आधारित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गईं आकर्षक और कलात्मक राखियों में राष्ट्रीय ध्वज की आन-बान-शान और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
-तिरंगा हमारे जीवन का आधार: प्राचार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश ने छात्रों की रचनात्मकता और उनकी बनाई राखियों की जमकर सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी एकता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की पहचान है और तिरंगा ही हमारे जीवन का असली आधार है।
-कड़े मुकाबले में अनुभवी बनी विजेता
निर्णायक मंडल की भूमिका में प्रो. भास्कर शुक्ला, डॉ. अर्चना सिंह और डॉ. अर्चना राय शामिल रहे, जिन्होंने बारीकी से मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन डॉ. अर्चना राय द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे। प्रथम पुरस्कार: अनुभवी चौधरी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), द्वितीय पुरस्कार: आयुषी पांडेय (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), तृतीय पुरस्कार: पुष्पांजलि विश्वकर्मा (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर) एवं प्रगति चौरसिया (बी.ए. पंचम सेमेस्टर)। इस गौरवमयी अवसर पर डॉ. अंजना, डॉ. राजेश यादव और डॉ. इफ्तेखार अहमद ने भी उपस्थित रहकर छात्र-छात्राओं के इस सराहनीय प्रयास की पीठ थपथपाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
