मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार चुनाव में भाजपा का दबाव तंत्र... खेसारीलाल के बंगले पर तोड़क...

बिहार चुनाव में भाजपा का दबाव तंत्र… खेसारीलाल के बंगले पर तोड़क कार्रवाई!

-यादव के मीरा रोड स्थित घर में अवैध काम को लेकर एमबीएमसी ने जारी किया नोटिस

अमर झा / मीरा रोड

भाजपा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पार्टी से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार खेसारीलाल यादव पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। मीरा-भायंदर महानगरपालिका ने हाल ही में मीरा रोड स्थित खेसारी के आवास पर अनधिकृत वेदर शेड को लेकर नोटिस जारी किया है। अचानक से मनपा द्वारा जारी नोटिस पर चर्चा है कि भाजपा बिहार चुनाव में उतरे खेसारीलाल पर दबाव बना रही है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव इस समय पूरे देश में गरमागरम चर्चा का विषय बना हुआ है। इस चुनाव में एनडीए के घटक दलों और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। कई प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और कलाकार भी इस साल मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए राजनीति में उतरे हैं। इनमें खेसारीलाल यादव छपरा विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उनका मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार से होगा।
इसी पृष्ठभूमि में चर्चा है कि भाजपा द्वारा खेसारीलाल यादव पर दबाव बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं और मनपा द्वारा उनके मीरा रोड स्थित घर को एक नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस में घर पर लगाए गए लोहे के एंगल और पतरे के शेड को अनधिकृत घोषित करते हुए उन्हें तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा, मनपा के अतिक्रमण विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने बताया बीजेपी की चाल
उक्त नोटिस ३ नवंबर को जारी किया गया था, जबकि बताया जा रहा है कि उनके घर पर फिलहाल ताला लगा है और पूरा परिवार चुनाव के मद्देनजर बिहार गया हुआ है। मनपा द्वारा जारी नोटिस पर उनके समर्थकों का कहना है कि ये अब भाजपा की चाल है। भाजपा सोचती है कि इसे दबाव बनाने से खेसारीलाल कमजोर पड़ जाएंगे। हालांकि, लोगों में चर्चा है कि अगर चुनावी माहौल और गरमाता है तो उम्मीद है कि मीरा रोड पर खेसारी के बंगले पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार

मन पाखी