मुख्यपृष्ठनए समाचार‘वोट चोर, चंदा चोर'... ‘राम के चढ़ावे को लूटनेवालों का धिक्कार हो...'मविआ...

‘वोट चोर, चंदा चोर’… ‘राम के चढ़ावे को लूटनेवालों का धिक्कार हो…’मविआ का विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन

सामना संवाददाता / मुंबई

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सामने आई कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर मंगलवार को महाविकास आघाड़ी (मविआ) ने विधान भवन की सीढ़ियों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विधान परिषद में शिवसेना के नेता अंबादास दानवे तथा शिवसेना विधायक अजय चौधरी सहित महाविकास आघाड़ी के कई विधायक शामिल हुए।
विपक्षी विधायकों ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर, चंदा चोर’, ‘राम के चढ़ावे को लूटनेवालों का धिक्कार हो’ तथा ‘राम मंदिर के चोरों पर कार्रवाई करो’ जैसे नारे लगाए गए। महाविकास आघाड़ी के नेताओं ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े दान के उपयोग में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने सरकार से इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देने तथा कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर कुछ समय तक विधान भवन परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।

अन्य समाचार