मुख्यपृष्ठनए समाचारपेपर लीक मामले पर कांग्रेस हुई आक्रामक...छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद...

पेपर लीक मामले पर कांग्रेस हुई आक्रामक…छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो… शिक्षा मंत्री को घेरा, इस्तीफे की मांग हुई तेज

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक जैसे गंभीर मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। कांग्रेस ने कल विधानभवन परिसर में शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे को लेकर नारेबाजी की। शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। विधानभवन परिषद में विपक्ष ने सरकार को इस मुद्दे पर घेरा। इससे एक दिन पहले भी शिक्षामंत्री दादा भूसे की गाड़ी रोककर उन्हें काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की थी। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष सागर सालुंखे के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र और कार्यकर्ता विधानभवन परिसर में एकत्र हुए। शिक्षा मंत्री दादा भुसे जब विधानभवन से बाहर निकल रहे थे, तभी प्रवेश द्वार पर उनकी गाड़ी को रोककर काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान ‘पेपर चोर सरकार हाय-हाय’, ‘दादा भुसे इस्तीफा दो’, ‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो’, ‘पेपर लीक करनेवालों को गिरफ्तार करो’, ‘छात्रों को न्याय दो’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
छात्रों के साथ विश्वासघात
पेपर लीक केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि छात्रों के विश्वास के साथ किया गया गंभीर विश्वासघात है। इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर पेपर लीक रैकेट का पर्दाफाश किया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए शिक्षा मंत्री दादा भुसे तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।

अन्य समाचार