-अपराधियों को नहीं है पुलिस का खौफ
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की महायुति सरकार में अपराधियों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर में अपराधी घटनाओं को बेधड़क अंजाम दे रहे हैं। नागपुर में अपराधियों का इतना अधिक मनोबल बढ़ गया है कि पांच लाख रुपए की फिरौती के लिए एक मासूम की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में गत दिनों हुई थी। पुलिस ने मासूम के पिता के दोस्त को हिरासत में लिया, जिसके बाद इस हत्या का राज खुला। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मासूम का नाम जीत युवराज सोनेकर था। आरोपियों ने फिरौती के लिए उसका अपहरण किया। उसके बाद जीत को कार में लेकर आरोपी कई जगहों पर घूमते रहे और गत सोमवार की रात में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को बोरे में भरकर सावनेर तहसील के चनकापुर की झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने अनुसार, जीत के पिता युवराज सोनकर मुख्य आरोपी के पड़ोसी थे। उनके बीच अच्छे संबंध थे। आरोपी को यह जानकारी मिली थी मृतक जीत के पिता युवराज ने करोड़ों रुपए की जमीन का सौदा किया है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने जीत का अपहरण किया। खास बात यह थी कि आरोपी खुद जीत के पिता के साथ मिलकर उसकी तलाश में घूम रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
