राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर कौंधियारा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर शातिर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर-नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह जब गृहस्वामी परिवार समेत घर लौटा तो चोरी की जानकारी मिली। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरों ने मकान का कोना-कोना खंगाला था। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व 10 हजार नकदी लेकर चलते बने थे। पीड़ित रोहित यादव निवासी खपटिहा गांव ने कौंधियारा थाने में तहरीर देकर अवगत कराया कि शुक्रवार बीती रात उनके परिवार के सभी सदस्य एक रिष्तेदार के यहां शादी समारोह में गए थे। इस दौरान पूरा मकान खाली था। सूना घर पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसे थे। शनिवार सुबह जब परिवार घर लौटा तोे टूटा ताला देख उनके पैर तले जमीन खिसकती महसूस हुई। अंदर घुसने पर अलमारी का लॉकर टूटा मिला और जेवर व नकदी गायब थे। घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। पीड़ित की सूचना पर इलाकाई पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल की गई। फिंगर प्रिंट टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य संकलन के जरिए जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने कमिश्नरेट पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गष्त और बढ़ाए जाने की मांग की है, ताकि चोरों पर शिकंजा कसा जा सके।
