मुख्यपृष्ठअपराधडॉक्टर निकला बच्चों का सौदागर!.. ८ दिन के नवजात की ३ लाख...

डॉक्टर निकला बच्चों का सौदागर!.. ८ दिन के नवजात की ३ लाख में सौदेबाजी… गुजरात से मुंबई तक फैला था रैकेट

सामना संवाददाता / मुंबई

जिस डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता है, उसी पर अब इंसानियत का सौदा करने का आरोप लगा है। वडोदरा क्राइम ब्रांच ने गुजरात से मुंबई तक पैâले एक कथित चाइल्ड ट्रैफिकिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुंबई का एक एमबीबीएस डॉक्टर भी आरोपी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर को ८ दिन के एक नवजात के कथित ३ लाख के सौदे से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त का यह नेटवर्क गुजरात से मुंबई तक पैâला हुआ था। अब तक इस गिरोह के ९ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब वडोदरा क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि सिद्धपुर निवासी मनोज रावल और वीना रावल एक नवजात को बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वे ८ दिन के बच्चे को ३ लाख में बेचने की कोशिश कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि बच्चे के जैविक पिता ने कथित तौर पर २ लाख में सौदा तय किया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में इस मामले की कड़ियां मुंबई से जुड़ीं। जांच में पता चला कि मुंबई के सोहेल और तौफीक बच्चे को लेने गुजरात आए थे। इसके बाद बच्चे को अंबरनाथ निवासी डॉ. सचिन देव महावीर नागनाथ लोखंडे को सौंपा जाना था। वडोदरा क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र पुलिस की मदद से डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे ६ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। शुरुआत में पुलिस को संदेह था कि आरोपी डॉक्टर स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) है, लेकिन जांच में पता चला कि वह केवल एमबीबीएस प्रैक्टिशनर है। एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) उसके दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच कर रही है।
पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने डॉक्टर और अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा अब तक कितने बच्चों की कथित तस्करी की गई है। वडोदरा पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस कथित अवैध नेटवर्क की जड़ें काफी गहरी हो सकती हैं।

अन्य समाचार