फिरोज खान / मुंबई
एक ७० साल का बुजुर्ग प्यार, पुलिस और पति के जाल में इस कदर फंस गया कि उसे १८ लाख रुपए गंवाने पड़े। बुजुर्ग की डेटिंग ऐप पर एक महिला से दोस्ती हुई। महिला ने बुजुर्ग से प्यार का नाटक कर कहा कि उसका पति उस पर जुल्म ढाता है इसलिए वह उसे छोड़कर किसी और से शादी करना चाहती है। दोनों के बीच चैटिंग का सिलसिला चल रहा था कि इस बीच एक पुलिस अफसर की एंट्री होती है। अफसर ने बुजुर्ग को धमकाया कि महिला के पति ने उसके खिलाफ शिकायत की है कि वह उसकी पत्नी को बहका कर उसके साथ शादी करना चाहता है। गिरफ्तारी के डर से बुजुर्ग ने अपनी जीवनभर की कमाई पुलिस को सौंप दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ७० वर्षीय बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि एक डेटिंग ऐप पर उसके साथ १८.२२ लाख रुपए की ठगी हुई है। यह मामला २२ जुलाई को तब सामने आया, जब शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया और डेटिंग ऐप स्वैâम का आरोप लगाया। पीड़ित ने डोंबिवली स्थित विष्णु नगर पुलिस को बताया कि वह एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर एक महिला से मिला था और उसने उससे पैसे मांगे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने मार्च में डेटिंग ऐप ‘टैग्ड’ डाउनलोड किया था, जिस पर उसे निमिषा अलवा नामक महिला मिली। कुछ दिनों के चैटिंग और मुलाकात के बाद निमिषा ने बुज़ुर्ग से पैसे मांगना शुरू कर दिया।
बंगुलुरू का एसीपी बनकर ठगी
एक दिन बुजुर्ग की जिंदगी तब पलट गई जब उसे बेंगलुरु पुलिस के एसीपी तेजस नाम से एक आदमी का फोन आया। उसने पीड़ित से कहा कि निमिषा के पति ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और उसे पूछताछ के लिए बुलाया है। मामला निपटाने के लिए बुजुर्ग ने एसीपी और पति को दो महीने में १८.२२ लाख रुपए दिए। पुलिस ने बुजुर्ग की एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
