राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर में घूरपुर थाना क्षेत्र के बोगी गांव के पास हवाई पट्टी क्षेत्र में शनिवार शाम झाड़ियों में उलझी एक अधेड़ व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के समय कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति पर गई। पास जाकर देखने पर वह अचेत अवस्था में मिला। काफी प्रयास के बाद भी कोई हलचल नहीं होने पर लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा ने बताया कि बोगी गांव के पास एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है।
