– शराब के नशे में पति बना शैतान
-पेट में पल रही ५ माह की बेटी भी मरी
बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के मगरासा गांव में एक दिल को झकझोर कर रख देने वाली वारदात सामने आई। शराब के नशे में धुत सोमपाल नाम के युवक ने अपनी २५ वर्षीय गर्भवती पत्नी सुमन को लाठी-डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम में पता चला कि महिला के हाथ-पैर दोनों टूटे थे इसी के साथ ही उसका लीवर भी फट गया था। सिर्फ सुमन ही नहीं, उसके गर्भ में पल रही पांच महीने की बच्ची की भी मौत हो गई। जब मृतका के शव का डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया तो इस दर्दनाक हत्याकांड का सच सामने आया, जिसने भी पति सोमपाल की हैवानियत के बारे में जाना, वह दंग रह गया और सोचने पर मजबूर हो गया कि क्या कोई इतना निर्दयी हो सकता है?
सुमन के पिता पूरनलाल, जो क्योलड़िया थाना क्षेत्र के मरगापुर गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी पांच साल पहले सोमपाल से हुई थी। शुरू में सब ठीक था, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद सोमपाल ने सुमन पर अत्याचार शुरू कर दिए। वह अक्सर शराब पीकर उसे मारता-पीटता और दहेज के लिए एक लाख रुपए लाने का दबाव बनाता। घटना वाली रात जब सोमपाल शराब पीकर घर आया तो उसने पहले सुमन से झगड़ा किया, फिर उसके साथ मारपीट करने लगा। सुमन जान बचाकर कुछ दूरी पर अलग कमरे में रह रहीं अपनी दिव्यांग सास कामेश्वरी देवी के पास पहुंची और उनसे बोली, मां मुझे बचाओ, वह मुझे मार देगा, लेकिन सोमपाल वहां भी पहुंच गया। वह अपनी मां को धक्का देकर बाहर निकाला और शौचालय में बंद कर दिया। इसके बाद वह सुमन को घर के अंदर ले गया और डंडों से बुरी तरह पीटा। गांव वालों और पास में रहने वाले परिवार के अन्य लोगों ने भी चुप्पी साधे रखी। किसी ने सुमन को बचाने की कोशिश नहीं की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई हैवानियत
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सुमन मृत पड़ी थी। पोस्टमार्टम करने वाली टीम भी शव की हालत देखकर हैरान रह गई। रिपोर्ट में सामने आया कि सुमन के दोनों हाथ और एक पैर टूट चुके थे। लीवर फट गया था। साथ ही उसके गर्भ में पल रही बेटी, जो लगभग पांच महीने की थी और पूरी तरह विकसित हो चुकी थी।
