मुख्यपृष्ठनए समाचारविसर्जन यात्रा मार्ग व पूजा पंडालों में लगेंगे सीसी कैमरे

विसर्जन यात्रा मार्ग व पूजा पंडालों में लगेंगे सीसी कैमरे

विक्रम सिंह / सुल्तानपुर

अयोध्या के पड़ोस में बसी कुशनगरी सुल्तानपुर में मशहूर दुर्गापूजा,रामलीला व विजयदशमी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस सिलसिले में पुलिस-प्रशासन व संभ्रांत जनों की संयुक्त बैठक मंगलवार को हुई। जिसमें महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन पर जोर देते हुए संपूर्ण शहर क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे से आच्छादित करने के निर्देश दिए। साथ ही हरेक पूजा पंडालों में भी एहतियातन सीसी कैमरे लगाने का फरमान प्रत्येक पूजा समितियों को दिया है।
जिलाधिकारी कुमार हर्ष व पुलिस कप्तान कुंवर अनुपम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में यह विशेष बैठक शाम को आयोजित की गई। जिसमें अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) ने समस्त तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ बिन्दुवार गहन चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि तहसील व थानावार पीस कमेटी की बैठक अवश्य कर ली जाय। उन्होंने आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत सभी आधारभूत सुविधाएं जैसे- स्वच्छता, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात, परिवहन, पूजा पंडाल स्थापना की अनुमति, लॉ एण्ड ऑर्डर आदि से सम्बन्धित गहन चर्चा की। जबकि पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने दुर्गापूजा-दशहरा की अभी तक की गई तैयारियों का ब्यौरा पेश किया। उन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष आगामी त्यौहार के दृष्टिगत विद्युत, सड़क, परिवहन व्यवस्था, वॉलेन्टियर्स, साफ-सफाई, पेयजल, मूर्ति विसर्जन स्थल की साफ-सफाई आदि  से  सम्बन्धित तैयारियों को समय से पहले कराने का अनुरोध किया। कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महोत्सव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लॉ एंड आर्डर के दृष्टिगत मूर्ति विसर्जन यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, विद्युत, रोड आदि से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए सभी विभागों से अपेक्षा की कि इसे समय से पहले चिन्हित कर निदान कर दिया जाय। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडाल सीसीटीवी कैमरे से युक्त होने चाहिये। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिये। पुलिस कप्तान सिंह ने सभी समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कमेटियां अपने-अपने वॉलंटियर्स की सूची उपलब्ध करा दें, जिससे उनके साथ पुलिस बल की तैनाती की जा सके। उन्होंने सभी पूजा पंडालों व मूर्ति विसर्जन मार्गों को सीसीटीवी कैमरों से युक्त करते हुए एक एकीकृत सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिये। आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग सेवा में तत्पर रहेगा। सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा, यातायात की व्यवस्था व डी.जे. की ध्वनि मानक के अनुरूप रखें। उन्होंने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल के इंतजाम के लिये कहा।
जिलाधिकारी सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्यौहार के दृष्टिगत सभी आधारभूत सुविधाएं जैसे विद्युत, पेयजल, सड़क, साफ-सफाई,यातायात प्रबन्धन, पूजा पंडालों की स्थापना की अनुमति आदि से सम्बन्धित तैयारियां समय से पहले सुनिश्चित कर लें।
सभी पूजा पंडालों व मूर्ति विसर्जन मार्गो/स्थलों को सीसीटीवी कैमरों से युक्त किया जाय। उन्होंने आगामी त्यौहारों में डीजे की ध्वनि व ऊंचाई मानक के अनुरूप रखने व प्रशासन से अनुमति उन्होंने अधिशाषी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी को सड़क की मरम्मत कराने, एसई विद्युत को विद्युत व्यवस्था से सम्बन्धित समस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहर में बिजली, पानी, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाए।

अन्य समाचार