मुख्यपृष्ठटॉप समाचारराहुल गांधी के निवासस्थान पर ‘चाय पर चर्चा’...कितना भी समय लगे, दिन...

राहुल गांधी के निवासस्थान पर ‘चाय पर चर्चा’…कितना भी समय लगे, दिन या महीने लग जाएं मोदी, शाह, ज्ञानेश कुमार समेत वोट चोरों को सबक सिखाकर ही दम लेंगे!

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

वोट चोरी का मुद्दा राजनीतिक नहीं, बल्कि आम जनता का मुद्दा है। ज्ञानेश कुमार ने पूरी चुनाव प्रणाली को ध्वस्त कर दिया है और एक तरह से लोकतंत्र की हत्या हुई है। इस पूरे षड्यंत्र के पीछे नरेंद्र मोदी और अमित शाह हैं। इनके खिलाफ हम सभी एक टीम के रूप में एकजुट होकर लड़ रहे हैं और अब हम रुकने वाले नहीं हैं। कितना भी समय, दिन, महीने या साल लग जाएं, लेकिन मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार समेत वोट चोरों को सबक सिखाकर ही रहेंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के नेताओं ने यह संकल्प लिया।
वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में आंदोलन जारी हैं। `इंडिया’ गठबंधन की ओर से दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले कुछ दिनों से आंदोलन किया जा रहा है। सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय तक मार्च निकालने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका भी दायर की गई। इसके बाद वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने के लिए राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के नेताओं और छात्र संगठनों को चाय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। राहुल गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में भी वोट चोरों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखा जाएगा।

`मोदी आर्किटेक्ट हैं तो शाह व ज्ञानेश कुमार इम्प्लीमेंटर हैं’
लोकतंत्र में अपनी नाराजगी व्यक्त करने का एकमात्र रास्ता जंतर-मंतर था, लेकिन अब सरकार ने तय कर लिया है कि जंतर-मंतर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी इस पूरे मामले के आर्किटेक्ट हैं, जबकि अमित शाह और ज्ञानेश कुमार इम्प्लीमेंटर हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह सब किया है, उन्हें समझ लेना चाहिए कि उनके चारों ओर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना ही उनके आंदोलन का उद्देश्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रिय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मनमाने कामकाज की आलोचना की। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव प्रणाली को ध्वस्त कर लोकतंत्र की हत्या की है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही हमारा लक्ष्य है।

अन्य समाचार