मुख्यपृष्ठनए समाचारफ्लाईओवरों की मरम्मत पर करोड़ों रुपए का झटका!

फ्लाईओवरों की मरम्मत पर करोड़ों रुपए का झटका!

-चार पुलों की लागत `३१.७६ करोड़ से बढ़कर `४८.०३ करोड़ पहुंची
-छह महीने बढ़ी काम की मियाद, शुरुआती आकलन पर उठे सवाल

संदीप पांडेय / मुंबई

मुंबई में फ्लाईओवरों की मरम्मत के लिए मनपा का शुरुआती आकलन कितना सटीक था, अब यह सवाल उठने लगा है। चार फ्लाईओवरों की मरम्मत का खर्च ३१.७६ करोड़ रुपए से बढ़ाकर ४८.०३ करोड़ रुपए करने का प्रस्ताव है। यानी लागत में १६.२६ करोड़ रुपए की बढ़ोतरी और काम पूरा करने के लिए छह महीने की अतिरिक्त मोहलत। सवाल है कि जब मरम्मत की योजना बनाने से पहले पुलों की हालत का आकलन किया गया था, तो बाद में अतिरिक्त खराबी और बढ़े हुए खर्च की नौबत क्यों आई? क्या शुरुआती जांच में जरूरी खामियां पकड़ में नहीं आर्इं या बाद में पुलों की हालत बिगड़ी?
प्रस्ताव में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के स्वामीनारायण फ्लाईओवर और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड (एससीएलआर) के तीन फ्लाईओवर शामिल हैं। मनपा ने अतिरिक्त खर्च के लिए स्थायी समिति से मंजूरी मांगी है। तकनीकी लागत-वृद्धि समिति ने २१ अप्रैल २०२६ को बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, लेकिन अब स्थायी समिति के सामने प्रस्ताव रखे जाने से खर्च बढ़ाने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े होते हैं।
दो साल बाद फिर जांच, अब बढ़ेगा मरम्मत का खर्च
मनपा के सलाहकार स्ट्रक्ट्रॉनिक्स कंसल्टिंग इंजीनियर्स ने मई २०२३ में मरम्मत का शुरुआती आकलन किया था। इसके बाद जुलाई २०२५ में आईआईटी बॉम्बे के निरीक्षण में एससीएलआर के तीन फ्लाईओवरों के विभिन्न हिस्सों में पहले के मुकाबले अधिक खराबी सामने आई। इसके बाद मरम्मत का दायरा और काम की मात्रा बढ़ाने की जरूरत बताई गई।

अन्य समाचार