-पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे थे चीनी सैटेलाइट्स?
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में चीन के निगरानी उपग्रहों की असामान्य गतिविधियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बंगलुरु स्थित अंतरिक्ष निगरानी कंपनी दिगंतरा की नई विश्लेषण रिपोर्ट के मुताबिक, २२ अप्रैल २०२५ को हुए हमले से छह दिन पहले, १६ अप्रैल को चीन के याओगान-३५ उपग्रह ने अपनी कक्षा में बदलाव किया था। इसके चलते पहलगाम के ऊपर से उसके गुजरने की आवृत्ति दोगुनी हो गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, १५ से ३० अप्रैल के बीच चीनी उपग्रहों ने ३७ असामान्य कक्षीय बदलाव किए। हमले के तुरंत बाद याओगान-३९ के दो उपग्रहों की कक्षाओं में भी बदलाव किया गया, जिससे श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और जम्मू जैसे संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ गई। २९ और ३० अप्रैल को भी क्रमश: ३७ और ३१ कक्षीय बदलाव दर्ज किए गए।
इसके अलावा, १६ अप्रैल को चीन के शिजियान-२० उपग्रह की गति में भी बदलाव हुआ, जिससे हिंद महासागर और दक्षिणी भारतीय उपमहाद्वीप पर उसकी निगरानी क्षमता बढ़ी। हालांकि, रिपोर्ट इन गतिविधियों का पहलगाम हमले से सीधा संबंध साबित नहीं करती और न ही पाकिस्तान के साथ किसी सूचना-साझाकरण की पुष्टि करती है। फिर भी सवाल है कि हमले से पहले कश्मीर पर चीन की निगरानी बढ़ रही थी तो भारतीय सुरक्षा तंत्र को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। क्या मोदी सरकार इस असामान्य गतिविधि से अनजान थी? हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि यह एक निगरानी विश्लेषण है और इससे यह साबित नहीं होता कि इन उपग्रह गतिविधियों का पहलगाम आतंकी हमले से सीधा संबंध था या चीन ने कोई जानकारी साझा की। फिर भी, दक्षिण एशिया में चीन की बढ़ती अंतरिक्ष निगरानी क्षमता और क्षेत्रीय समीकरणों के लिहाज से यह डेटा सुरक्षा विश्लेषकों के लिए अहम माना जा रहा है।
