मुख्यपृष्ठनए समाचारब्लैकलिस्टेड कंपनियों पर मोदी सरकार मेहरबान... ४४१ करोड़ का खेल!

ब्लैकलिस्टेड कंपनियों पर मोदी सरकार मेहरबान… ४४१ करोड़ का खेल!

-बच्चों की किताबों के कागज की खरीद में बड़ा घोटाला!
-एनसीईआरटी की टेंडर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
-संजय सिंह ने की सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मांग
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मोदी सरकार में अब बच्चों की किताबों के कागज की खरीद भी कथित भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई है। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की कागज खरीद प्रक्रिया में ४४१ करोड़ रुपए की अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि जिन कंपनियों को असम सरकार पहले ही ब्लैकलिस्ट कर चुकी थी, उन्हीं कंपनियों पर केंद्र सरकार की संस्था एनसीईआरटी मेहरबान हो गई और उन्हें करोड़ों रुपए का ठेका दे दिया गया। सवाल यह है कि जब कंपनियों की विश्वसनीयता पहले से सवालों के घेरे में थी, तो उन्हें इतना बड़ा सरकारी ठेका किस आधार पर मिला? क्या सरकारी खरीद के नियम चुनिंदा कंपनियों के लिए बदल दिए गए?
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि एनसीईआरटी ने शाह पेपर मिल्स लिमिटेड और सिल्वर टोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड को करीब ४४१ करोड़ रुपए का कागज आपूर्ति करने का ठेका दिया। उन्होंने खरीद की दरों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, पिछले वर्ष जिस कागज की खरीद ६०.०५ रुपए प्रति किलो की दर से की गई थी, इस बार उसकी कीमत बढ़ाकर ८८.२० रुपये प्रति किलो कर दी गई।
असम में ब्लैकलिस्ट, एनसीईआरटी में कैसे मिली एंट्री?
आप सांसद ने आरोप लगाया कि इन कंपनियों को असम सरकार ने वर्ष २०२४-२५ में टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मिलीभगत के आरोपों के बाद ब्लैकलिस्ट किया था। आरोप था कि कंपनियों ने एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर दाखिल किए थे। इसके बावजूद एनसीईआरटी की खरीद प्रक्रिया में उन्हें जगह मिलना गंभीर सवाल खड़े करता है। संजय सिंह के मुताबिक, एनसीईआरटी के टेंडर की शर्तों में भी पिछले तीन वित्तीय वर्षों के दौरान किसी सरकारी विभाग की ओर से ब्लैकलिस्ट की गई कंपनियों को अयोग्य ठहराने का प्रावधान था। ऐसे में सवाल है कि संबंधित कंपनियों को तकनीकी रूप से योग्य किस आधार पर घोषित किया गया?

अन्य समाचार