महाराष्ट्र के किसान आजकल भयंकर सूखे से जूझ रहे हैं। उसमें भी मराठवाड़ा की हालत सबसे ज्यादा खराब है। बांधों का पानी अभी से तल छूने लगा है। मराठवाड़ा के अभी से ही करीब हजार गांवों में टैंकर से पानी पहुंचाना पड़ रहा है। यह आज का हाल है। आनेवाले नौ-दस महीने वैâसे कटेंगे? क्या यह सवाल महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल के सामने आया होगा? इसका हल क्या है? तो मुख्यमंत्री फडणवीस ने कोयना का पानी मुंबई लाने की स्कीम का एलान किया है। मुंबई की आबादी तेजी से बढ़ रही है। इसलिए आगे की पानी की जरूरत को देखते हुए राज्य सरकार अगले ५० साल के पानी का प्लान बना रही है। कोयना जल विद्युत प्रोजेक्ट से बिजली बनने के बाद बचा-खुचा पानी मुंबई की तरफ मोड़ने का प्रस्ताव सरकार के जेरे-गौर होने की बात मुख्यमंत्री कह रहे हैं। यह तो पचास साल आगे की बात हुई। मराठवाड़ा वगैरह इलाके सूखे की वजह से आज ही तड़प रहे हैं। लोगों को आठ-आठ दिन बगैर पानी के गुजारना पड़ रहा है। नहाने-धोने की तो बात ही छोड़िए, पीने को पानी नहीं है। टैंकर आते हैं और चले जाते हैं। इतने से पानी से क्या प्यास बुझेगी? उधर कोयना का पानी मुंबई, नई मुंबई और तीसरी मुंबई को मिलेगा। पानी का यह इंतजाम आम लोगों के लिए नहीं, बड़े लोगों और दौलतमंदों के लिए है। मुंबई से अलीबाग तक जो ऊंचे टॉवर्स खड़े किए जा रहे हैं, मुख्यमंत्री उन्हीं की सहूलियत कर रहे हैं। बिल्डरों को पानी चाहिए, इसलिए कोयना का ६७ टीएमसी पानी मोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री को इस वक्त तुरंत मराठवाड़ा के बारे में सबसे पहले सोचना चाहिए। मराठवाड़ा में जबरदस्त सूखा तो है ही। लेकिन उससे भी बड़ा मसला है मानवीय भावनाओं का, मराठवाड़ा के नेतृत्व की संवेदना जलकर राख
हो जाने का। असल में, सूखे के मुद्दे पर सबको आपसी मतभेदों की दीवारें गिराकर एक साथ आना चाहिए और अवाम के मसलों पर विधिमंडल में जोरदार आवाज उठानी चाहिए। फसलें चौपट हो गई हैं, पानी के स्रोत सूख गए हैं, चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। जानवर चारे और पानी के बगैर तड़प रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा सूखा घोषित कर दिए जाने का मतलब यह नहीं कि मसला ‘हल’ हो गया। केंद्र सरकार से राज्य सरकार ने सूखे से निपटने के लिए ४० हजार करोड़ मांगे थे। केंद्र ने मुश्किल से हजार करोड़ देने की मंजूरी दी। यानी सूखा पीड़ितों को इससे कोई खास राहत नहीं मिलने वाली। बारिश न होने से खरीफ की फसलें हाथ से निकल गर्इं। जमीन में नमी न रहने से रबी की फसलों का भी बुरा हाल हुआ। कोयना का पानी मुंबई मोड़ देने से क्या ये मसले हल होने वाले हैं? गांव-देहात अभी से वीरान होने लगे हैं। कुछ ही दिनों में मराठवाड़ा के गांव-गांव से हजारों के काफिले उजड़े हुए लोगों की तरह शहरों की तरफ चल पड़ेंगे। सूखे की मार से घर-बार छोड़कर जाने की नौबत लोगों पर आएगी। ऐसे वक्त में सरकार के पास इन लोगों के लिए क्या इंतजाम है? खेती उजड़ चुकी है। खेती का काम ही नहीं बचा है। रोजगार नहीं, पानी नहीं। फिर लोग गांवों में टिकें भी वैâसे? क्या मुख्यमंत्री फडणवीस ने कभी इस हालात पर गौर किया है? इन निकलने वाले लोगों के काफिलों में मराठा समाज होगा, बौद्ध होंगे, ओबीसी होंगे। यानी मराठवाड़ा के गांवों का पूरा समाज बेसहारा, बेघर और फाकाकशी का शिकार होने वाला है। इस हालत की फिक्र समाज के कितने नेताओं को है? मराठवाड़ा की यह
भयंकर हालत
गैर-इंसानी है। इसे देखकर मराठवाड़ा की तमाम जाति-धर्म की अवाम, खासकर नौजवानों का खून खौल उठना चाहिए। मराठवाड़ा के गांवों में पानी के बगैर बिलबिलाने वाले लोग महाराष्ट्र की ही मराठी जनता हैं। लातूर से छत्रपति संभाजीनगर और सोलापुर वगैरह इलाकों के जनप्रतिनिधियों में जरा भी हमदर्दी बाकी होती, तो सूखा पीड़ितों की मदद के लिए एक साझा मंच बना लिया गया होता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और हर कोई अपने-अपने सियासी फायदे-नुकसान के हिसाब-किताब में लगा है। इंसानी फितरत की यह कैसी शोकांतिका है। यूं तो जज्बाती भाषण झाड़ने वाले नेता ऐसे गम के मौकों पर खामोश हो जाते हैं। महाराष्ट्र के तौर पर एकजुट होकर सूखा पीड़ितों के मसलों पर सोचें, इसके लिए मुख्यमंत्री से मिलकर कोई ठोस योजना रखें, यह भी होता नजर नहीं आता। महाराष्ट्र की हुकूमत के बारे में क्या कहा जाए? वह है भी और नहीं भी। वह मौजूद है तो सिर्फ कोयना का पानी मुंबई के बिल्डरों को पहुंचाने के लिए। वह गायब है तो मराठवाड़ा के सूखा-जदा किसानों के लिए। महाराष्ट्र पर मायूसी और बेरुखी के काले साए छा गए हैं। यूरोप के कई मुल्कों में अवाम के हक और मसलों पर लोगों ने बगावत की है। मराठवाड़ा जैसा भयानक सूखा और उस सूखे से निपटने में नाकाम सरकार, ऐसी सूरत यूरोप के किसी मुल्क में पैदा हुई होती, तो वहां की निकम्मी और बेपरवाह हुकूमत एक पल भी नहीं टिक पाती। मराठवाड़ा की ‘महाराष्ट्रीय’ अवाम को सूखे की वजह से दर-ब-दर और बेघर होते हम खुली आंखों से देख रहे हैं। यहां के एमएलए, एमपी, कॉर्पोरेटर और मेयर वगैरह का सर शर्म से झुक जाना चाहिए।
