मुख्यपृष्ठनए समाचारपहले वोट का हक लौटाओ, फिर एसआईआर चलाओ!

पहले वोट का हक लौटाओ, फिर एसआईआर चलाओ!

-बंगाल एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
-चुनाव आयोग को दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को कड़ी हिदायत दी है। अदालत ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने का निर्देश दिया है। साथ ही अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने और उनके लिए अलग-अलग स्थानों पर कार्यालयों की व्यवस्था करने को कहा है। चुनाव आयोग को इन व्यवस्थाओं के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि एसआईआर के तहत करीब ३८ लाख अपीलें दाखिल की गई हैं, लेकिन अब तक एक लाख से कुछ अधिक मामलों का ही निपटारा हुआ है। उन्होंने कहा कि नाम कटने के खिलाफ जिन अपीलों पर फैसला आया है, उनमें बड़ी संख्या में मतदाताओं के पक्ष में निर्णय हुआ है।
उन्होंने कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक प्रभावित मतदाताओं की लंबित अपीलों का मुद्दा भी उठाया। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि अपीलों को दो श्रेणियों में बांटा जाए। पहली श्रेणी में उन मतदाताओं की अपीलें होंगी, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि दूसरी श्रेणी में मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलें होंगी। अदालत ने कहा कि दूसरी श्रेणी की अपीलों में फिलहाल जल्दबाजी की जरूरत नहीं है, इसलिए उन्हें बाद में सुना जा सकता है। इसके उलट, नाम कटने से प्रभावित लोगों की अपीलों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए।
कोलकाता में बढ़ेंगे एसआईआर अपीलय न्यायाधिकरण
न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग को कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श करने और उनकी सिफारिशों के आधार पर कदम उठाने को कहा गया है। साथ ही कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में न्यायाधिकरणों के लिए वैकल्पिक कार्यालयों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रभावित मतदाताओं को सुनवाई के लिए दूर न जाना पड़े। सुनवाई के दौरान प्रशांत भूषण ने यह मुद्दा भी उठाया कि मतदाता सूची से नाम कटने के बाद कुछ लोगों को राशन और अन्य नागरिक सुविधाओं से वंचित किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसका मौजूदा आदेश केवल मतदाता सूची से संबंधित है। यदि किसी व्यक्ति को सामाजिक कल्याण योजनाओं या अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है तो वह संबंधित हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकता है।
लाखों मतदाताओं को सुप्रीम कोर्ट से राहत की उम्मीद
सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश से एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ अपील करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब चुनाव आयोग के सामने एक सप्ताह के भीतर न्यायाधिकरणों की संख्या और कार्यालयों की व्यवस्था करने के साथ लंबित अपीलों के निपटारे में तेजी लाने की चुनौती है।

अन्य समाचार